Please wait...

 
Trending Now
  • महिला चैंपियन लीग : बार्सिलोना ने लगातार आठवीं बार अंतिम-चार में जगह बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया
  • देश में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं : इंडियन ऑयल
  • पश्चिम एशिया संकट : पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी
  • लिंगभेद विवाद के केंद्र में रही ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता लिन सेमीफाइनल में पहुंचीं
  • जब मैं टूटा था, तब दिनेश काॢतक ने मेरी मदद की : जितेश शर्मा
Saturday, Apr 4, 2026
Published on: Friday, April 03, 2026
राज्य

मुख्यमंत्री माझी ने ओम प्रकाश को किया सम्मानित


भुवनेश्वर, (निप्र) : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने केंद्रापड़ा जिले के युवा प्रतिभाशाली छात्र ओम प्रकाश रथ से मुलाकात कर उन्हें महिलाओं के सशक्तिकरण पर लिखे उनके विचारपूर्ण निबंध के लिए बधाई दी। इस निबंध की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले रविवार प्रसारित मन की बात कार्यक्रम में की थी। 
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओम प्रकाश को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। केंद्रापड़ा जिले के रतादिया खंडसाही पंचायत के मेधावी छात्र ओम प्रकाश ने तब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई, जब प्रधानमंत्री ने मन की बात के हालिया संस्करण में उनके निबंध का विशेष उल्लेख किया। लाखों प्रतिभागियों में से प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से ओम प्रकाश के विचारों की सराहना की, जिसमें उन्होंने महिला-नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने और महिलाओं को केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि परिवर्तन की सक्रिय भागीदार बनाने पर जोर दिया। 
 
अपने निबंध में ओम प्रकाश ने बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव और जमीनी स्तर पर शिक्षा की कमी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने विशेष रूप से कलाहांडी जिले के गंधमार्दन जैसे क्षेत्रों का उल्लेख किया, जहां कम उम्र में विवाह लड़कियों की शिक्षा और प्रगति में बाधा बन रहा है। उन्होंने महिलाओं में जागरुकता, शिक्षा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।  ओम प्रकाश, सरकारी विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार रथ और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता निरूपमा पंडा के इकलौते पुत्र हैं। 
 
उनका पालन-पोषण मुख्यत: ननिहाल में हुआ। आर्थिक और अन्य चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखा और वर्तमान में डेराबिश ब्लॉक के अंतर्गत बराजानंद मेमोरियल कॉलेज में अपनी स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री माझी ने ओम प्रकाश को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने ओडिशा का नाम गौरवान्वित किया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, युवा छात्र ने प्रधानमंत्री से मिली सराहना और मुख्यमंत्री से मिले प्रोत्साहन पर खुशी व्यक्त की। 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.