कोलकाता : सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेल रहे भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने एक मुश्किल दौर के बाद गेंदबाजी में अपनी लय हासिल करने में मदद करने के लिए एक विशेष व्यक्ति को श्रेय दिया है, लेकिन फिलहाल वह उस व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं करना चाहते हैं।
प्रत्येक प्रारूप में खेलने वाले इस 22 वर्षीय खिलाड़ी को भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है, लेकिन पिछले एक साल से फिटनेस समस्याओं के कारण उनकी प्रगति पर असर पड़ा है। रेड्डी ने स्वीकार किया कि चोटों के कारण वे अपनी गेंदबाजी में सुधार नहीं कर पाए। केकेआर खिलाफ आईपीएल मैच में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा, मैं शुरू से ही अपनी गेंदबाजी पर काम करना चाहता था लेकिन पिछले साल चोटिल होने के कारण मुझे इसके लिए समय नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा, इस सत्र के शुरू होने से पहले मुझे थोड़ा समय मिल गया और मैंने एक विशेष व्यक्ति के साथ एक सप्ताह तक अच्छा अभ्यास किया। इससे मुझे वाकई मदद मिली और उन्होंने मुझसे जो कुछ भी कहा था, वह अब समझ में आ रहा है। अब सब ठीक चल रहा है। उस विशेष व्यक्ति की पहचान के बारे में पूछे जाने पर रेड्डी ने मुस्कुराते हुए कहा, मैं इसका खुलासा बाद में करूंगा।