भुवनेश्वर, (निप्र) : राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने व्हाट्सएप आधारित ‘आम साथी’ चैटबॉट को अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए इसे उन्नत करने की योजना की घोषणा की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह निर्णय लोक सेवा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने की।
बैठक में चैटबॉट की क्षमताओं को बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि नागरिक अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें और समय पर सहायता प्राप्त कर सकें। उन्नत प्रणाली के माध्यम से तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी व्हाट्सएप के जरिए शिकायतों की पुष्टि कर सकेंगे और त्वरित कार्रवाई कर पाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि शिकायतों से संबंधित सभी प्रक्रियाएं राजस्व मंत्री और अतिरिक्त मुख्य सचिव के लिए भी सुलभ होंगी।
इस पहल को समर्थन देने के लिए राजस्व विभाग में विशेष कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी और व्हाट्सएप के माध्यम से राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया जाएगा। आपातकालीन शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाएगा तथा समाधान के बाद आम जनता से फीडबैक भी लिया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नए ओएएस और ओआरएस अधिकारियों को राजस्व सेवाओं एवं शिकायत निवारण से संबंधित प्रशिक्षण ‘आम साथी’ चैटबॉट के माध्यम से राजस्व अधिकारी प्रशिक्षण संस्थान (आरओटीआई) में दिया जाएगा।
आने वाले दिनों में राज्यभर के सभी तहसीलदारों और राजस्व अधिकारियों को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ अरविंद कुमार पाढ़ी ने कहा, राजस्व विभाग आम जनता के लिए सेवाओं को आसानी से सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।