भुवनेश्वर, (निप्र) : ईस्ट कोस्ट रेलवे ने वित्त वर्ष 2025-26 में कबाड़ निस्तारण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अब तक की सर्वाधिक 290.22 करोड़ की आय दर्ज की है। यह प्रदर्शन रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित 260 करोड़ के लक्ष्य से 30.22 करोड़ अधिक है, जो लक्ष्य से 11.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। यह उपलब्धि पिछले वर्ष की सर्वोत्तम आय (लगभग 269.3 करोड़) की तुलना में 7.77 प्रतिशत की वृद्धि को भी दर्शाती है, जो संसाधन जुटाने और परिसंपत्ति प्रबंधन में निरंतर सुधार को प्रमाणित करती है। यह सफलता ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विभिन्न मंडलों, कार्यशालाओं और लोको शेडों में चलाए गए निरंतर और लक्षित स्वच्छता अभियानों का परिणाम है।
इन प्रयासों से न केवल राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा मानकों और परिचालन दक्षता में भी सुधार हुआ है। यह उपलब्धि सभी विभागों और इकाइयों के समन्वित प्रयासों तथा फील्ड इकाइयों और मुख्यालय स्तर पर स्टोर्स विभाग के समर्पित कार्य का परिणाम है। व्यवस्थित निगरानी और पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया ने कबाड़ को राजस्व में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस रिकॉर्ड उपलब्धि में 40,342 मीट्रिक टन से अधिक अनुपयोगी रेल और स्थायी मार्ग सामग्री, 5 लाख से अधिक पीएससी स्लीपर तथा बड़ी मात्रा में लौह कबाड़ के निस्तारण का योगदान रहा। इसके अलावा, परित्यक्त विद्युत एवं डीजल इंजन, कोच और वैगनों की भी प्रभावी ई-नीलामी की गई।