Please wait...

 
Trending Now
  • ओडिशा के 14 विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति
  • मेरे लिए बल्लेबाजी में बुनियादी बदलाव करना आसान नहीं था : पडिक्कल
  • एशिया चैंपियनशिप में लक्ष्य और सिंधु पर होगा दारोमदार
  • लीड्स 1987 के बाद पहली बार एफए कप के सेमीफाइनल में
  • ईस्ट कोस्ट रेलवे ने कबाड़ निस्तारण से की 290 करोड़ की कमाई
Tuesday, Apr 7, 2026
Published on: Monday, April 06, 2026
राज्य

ओडिशा के 14 विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति


भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति हरि बाबू कंभमपति ने सोमवार को राज्य के 14 विश्वविद्यालयों के लिए कुलपतियों की नियुक्ति की। लोक भवन स्थित कुलाधिपति कार्यालय से सोमवार को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ये नियुक्तियां ओडिशा विश्वविद्यालय अधिनियम, 1989 और ओडिशा विश्वविद्यालय अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के तहत की गई हैं। मुख्य नियुक्तियों में प्रो चंडी प्रसाद नंद को उत्कल विश्वविद्यालय, प्रो अर्क कुमार दास महापात्र को रावेंशा विश्वविद्यालय और प्रो संतोष कुमार त्रिपाठी को फकीर मोहन विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है।
 
इसके अलावा 11 अन्य विश्वविद्यालयों में भी कुलपतियों की नियुक्ति की गई है। प्रो संजय कुमार पात्र को धरनीधर विश्वविद्यालय, प्रो ब्योमकेश त्रिपाठी को गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय और प्रो असीमा साहू को खल्लिकोट यूनिटरी विश्वविद्यालय का दायित्व सौंपा गया है। प्रो पवन कुमार अग्रवाल को मां माणिकेश्वरी विश्वविद्यालय, प्रो शिवराम त्रिपाठी को मधुसूदन लॉ विश्वविद्यालय में नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रो महेंद्र कुमार मोहंती को महाराजा श्रीराम चंद्र भंज देव विश्वविद्यालय, प्रो विभूति भूषण मल्लिक को राजेंद्र विश्वविद्यालय और प्रो ज्योत्स्ना केबी राउत को रमा देवी महिला विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है।
 
प्रो प्रभात कुमार महापात्र को श्री जगन्नाथ संस्कृत विश्वविद्यालय, प्रो हृषिकेश सेनापति को विक्रम देव विश्वविद्यालय और प्रो सत्यानारायण आचार्य को ओड़िया विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। राज्यपाल ने सभी नवनियुक्त कुलपतियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करेंगे, अनुसंधान को बढ़ावा देंगे और संस्थानों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन व्यापक नियुक्तियों से ओडिशा के उच्च शिक्षा क्षेत्र में नई गति और प्रशासनिक स्थिरता आने की उम्मीद है, जिससे सुशासन, नवाचार और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.