कटक, (निप्र) : कटक कैंटोनमेंट रोड स्थित ओपीएससी कार्यालय के सामने डॉक्टरों ने नियुक्ति न मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। राज्य में खाली पड़े डॉक्टरों के पदों को भरने की मांग को लेकर डॉक्टरों में रोष देखा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य में रिक्त चिकित्सा पदों को भरने के लिए पिछले वर्ष मई माह में ओडिशा लोक सेवा आयोग (ओपीएससी) द्वारा भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा एवं प्रमाणपत्र सत्यापन में सफल होने के बावजूद कई अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है।
ओपीएससी द्वारा लगभग 5 हजार पदों के लिए आयोजित इस भर्ती परीक्षा में करीब 3 हजार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 1,840 उम्मीदवार सफल हुए। प्रमाणपत्र सत्यापन के बाद 822 अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई, लेकिन शेष 1,018 सफल अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। डॉ गोवर्धन प्रधान, डॉ तूफान कुमार साहू, डॉ योगेश कुमार साहू और डॉ निखिल प्रसाद के नेतृत्व में डॉक्टरों के प्रतिनिधियों ने ओपीएससी अध्यक्ष से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर ओपीएससी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए शीघ्र नियुञ्चित प्रदान करने की मांग की।