Please wait...

 
Trending Now
  • ओडिशा के 14 विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति
  • मेरे लिए बल्लेबाजी में बुनियादी बदलाव करना आसान नहीं था : पडिक्कल
  • एशिया चैंपियनशिप में लक्ष्य और सिंधु पर होगा दारोमदार
  • लीड्स 1987 के बाद पहली बार एफए कप के सेमीफाइनल में
  • ईस्ट कोस्ट रेलवे ने कबाड़ निस्तारण से की 290 करोड़ की कमाई
Tuesday, Apr 7, 2026
Published on: Monday, April 06, 2026
राज्य

5 किलो रसोई गैस सिलेंडर को लेकर सरकार ने जारी किया स्पष्टीकरण, केवल अवैध सिलेंडरों पर रोक


छात्र और प्रवासी श्रमिक पहचान-पत्र दिखाकार ओमएसी से प्राप्त कर सकेंगे सिलेंडर
 
भुवनेश्वर, (निप्र) : ओडिशा के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग ने राज्य में एलपीजी आपूर्ति और 5 किलो गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लोक सेवा में विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रेस को संबोधित करते हुए स्थिति स्पष्ट की। प्रधान सचिव ने कहा कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
 
उन्होंने विशेष रूप से 5 किलो एलपीजी सिलेंडरों को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि प्रवासी मजदूरों और छात्रों के लिए ये सिलेंडर आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर अधिकृत वितरकों से केवल वैध पहचान-पत्र दिखाकर प्राप्त किया जा सकता है, इसके लिए पते के प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा, ऑयल कंपनियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित कर मौके पर ही कनेक्शन देने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
 
संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध केवल अवैध विक्रेताओं पर लगाए गए हैं, ताकि जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विभाग द्वारा ऐसे अनधिकृत कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर उन्होंने बताया कि घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर है, जबकि व्यावसायिक गैस की उपलब्धता भी तेजी से सामान्य हो रही है और वर्तमान में लगभग 70 प्रतिशत आपूर्ति बहाल हो चुकी है। साथ ही, 20 प्रतिशत गैस आपूर्ति अस्पतालों, स्कूलों, छात्रावासों और आहार केंद्रों जैसे आवश्यक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर दी जा रही है।
 
जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में विशेष समितियां बनाई गई हैं, जो स्थानीय स्तर पर आपूर्ति की निगरानी कर रही हैं और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित कर रही हैं। विभाग ने कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए सख्त अभियान भी चलाया है। अब तक 1,633 स्थानों पर जांच की गई है, जिसमें 3,105 सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 288 मामले दर्ज किए गए हैं। प्रधान सचिव ने आम जनता से अपील की कि वे पारदर्शिता बनाए रखने के लिए गैस बुकिंग हेतु डिजिटल सेवाओं का उपयोग करें।
 
ओएमसी ने भी आश्वस्त किया है कि डीलर और वितरक स्तर पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इस अवसर पर ऑयल कंपनियों के नोडल अधिकारी कमल शील ने बताया कि घरेलू गैस कनेक्शन ई-केवाईसी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किलो एफटीएल सिलेंडर सबसे सुविधाजनक विकल्प है, क्योंकि इसमें स्थायी पते के प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती। सरकार और ऑयल कंपनियों ने उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और उन्हें अवैध कारोबार से बचाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.