ओडिशा को वस्त्र एवं परिधान निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा : माझी
भुवनेश्वर, (निप्र) : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि राज्य सरकार ओडिशा को भारत में वस्त्र एवं परिधान निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बुधवार को कटक जिले के रामदासपुर में पेज इंडस्ट्रीज की एक मेगा परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन करते हुए की। करीब 750 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित इस परिधान इकाई से लगभग 5,850 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने इसके अलावा खोर्द्धा जिले के भुईंपुर में पेज इंडस्ट्रीज की एक और इकाई की आधारशिला भी रखी। यह परियोजना लगभग 250 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होगी और करीब 3,500 रोजगार सृजित करेगी। साथ ही, मुख्यमंत्री ने भुईंपुर में ही एमएएस इंडिया क्लोदिंग प्राइवेट लिमिटेड के एक वस्त्र संयंत्र की भी आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कहा, ओडिशा के खोद्र्धा, कटक और गंजाम सहित कई जिलों में वस्त्र एवं परिधान निर्माण इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। पिछले वर्ष जुलाई में आयोजित ओडिशा वस्त्र शिखर सम्मेलन में राज्य को लगभग 7,800 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे।
उन्होंने बताया कि वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र श्रम-प्रधान क्षेत्र है और यह विशेष रूप से महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार ओडिशा को पूर्वी भारत का एक प्रमुख वस्त्र केंद्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ओडिशा पूर्वी भारत का ‘सूरत’ या ‘तिरुप्पुर’ बनेगा। इसके लिए राज्य में कई वस्त्र पार्क स्थापित किए गए हैं, जहां भूमि, बिजली, पानी और संचार जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।