राज्य सरकार ने लोगों की समस्या दूर करने को उठाए कदम
भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य सरकार ने रसोई गैस की आपूर्ति को आसान बनाने और हालिया वितरण समस्याओं को दूर करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब 5 किलो के एलपीजी सिलेंडर पेट्रोल पंपों, अधिकृत गैस एजेंसियों और विशेष शिविरों के माध्यम से व्यापक रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे। राज्य के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि छोटे सिलेंडरों को लेकर बनी भ्रम की स्थिति अब पूरी तरह दूर कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इन सिलेंडरों की उपलब्धता कई माध्यमों से सुनिश्चित की जाएगी, जिससे आम लोगों को आसानी होगी।
नई व्यवस्था के तहत 5 किलो का नया सिलेंडर 1,537 रुपये में मिलेगा, जबकि रिफिल मात्र 593 रुपये में उपलब्ध होगा। यह योजना खासकर छोटे परिवारों, प्रवासी मजदूरों, किराए पर रहने वाले लोगों और छात्र-छात्राओं के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। सरकार ने वितरण के लिए पेट्रोल पंपों के व्यापक नेटवर्क का उपयोग करने का निर्णय लिया है, जिससे शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में गैस की उपलब्धता और तेज होगी। उपभोक्ताओं को केवल वैध पहचान पत्र दिखाना होगा, जबकि पते का प्रमाण आवश्यक नहीं होगा।
सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए केवल इंडियन ऑयल कार्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा जारी सिलेंडरों की ही रिफिलिंग की जाएगी। अनधिकृत या निजी सिलेंडरों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह पहल अवैध बिक्री और कालाबाजारी पर रोक लगाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद राज्यों को 5 किलो सिलेंडरों की आपूर्ति भी बढ़ाई गई है, जिससे मांग को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सके। सरकार का दावा है कि देश में एलपीजी की कुल आपूर्ति स्थिर है और इस नई व्यवस्था से ओडिशा में रसोई गैस की उपलब्धता और भी सुगम हो जाएगी।