भुवनेश्वर, (निप्र) : मुकेश अंबानी परिवार के वारिस अनंत अंबानी ने गुरुवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर कीस के छात्रों के लिए कई बड़ी पहलों की घोषणा की है, जिसमें रिलायंस ग्रुप में नौकरियां भी शामिल हैं। इन घोषणाओं में मौजूदा शैक्षणिक वर्ष के लिए कीस के छात्रों को स्कॉलरशिप देना, और केजी से पीजी स्तर तक के टॉपर्स को ‘वनतारा’ घूमने का अवसर देना शामिल है। वनतारा गुजरात में श्री अंबानी द्वारा स्थापित एक विशाल वन्यजीव केंद्र्र है, जहां जाकर छात्र सीखने के बहुमूल्य अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
खास बात यह है कि हर साल कीस से ग्रेजुएट होने वाले 30 छात्रों को रिलायंस ग्रुप की विभिन्न कंपनियों में नौकरी का प्रस्ताव दिया जाएगा, जिससे आदिवासी युवाओं के लिए एक स्थायी करियर का रास्ता खुलेगा। हमने मौजूदा शैक्षणिक वर्ष के लिए सभी छात्रों को पढ़ाई का सामान बांटकर उनके शैक्षणिक अनुभव को और भी बेहतर बनाया है, जिससे उनकी शिक्षा की नींव मजबूत होगी। इन घोषणाओं से अलग-अलग स्तरों के हजारों छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे उनके शैक्षणिक विकास, कौशल विकास और भविष्य की आजीविका में मदद मिलेगी।
अपने जन्मदिन के जश्न के तौर पर, कीसके छात्रों ने केक काटने का एक भव्य समारोह, प्रार्थनाएं और कृतज्ञता से भरा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। अंबानी ने 40,000 आदिवासी छात्रों के लिए एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया, जिससे पूरे कैंपस में उत्सव जैसा और आनंदमय माहौल बन गया। छात्रों ने वनतारा के लोगो से प्रेरित होकर एक ह्यूमन डिस्प्ले (मानव आकृति) बनाई, जिसके जरिए उन्होंने अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यञ्चत की। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुख और लंबी उम्र के लिए प्रार्थनाएं भी कीं।
यह जश्न कीट और कीस के संस्थापक अच्युत सामंत के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था, जिन्होंने इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दीं। डॉ सामंत ने कहा कि घोषित की गई ये पहलें छात्रों के आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को बहुत मजबूत करेंगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे सहयोग का उन बच्चों के लिए गहरा महत्व है जो साधारण आदिवासी पृष्ठभूमि से आते हैं, क्योंकि यह उनके लिए अवसरों के नए दरवाजे खोलने में मदद करता है। इस कार्यक्रम में छात्रों, कर्मचारियों और कीस समुदाय के सदस्यों की उपस्थिति रही, जिससे यह खुशी, आशा और आकांक्षाओं से भरा एक यादगार अवसर बन गया।