लगभग 25-30 लाख मरीजों को मिलेगा प्रतिवर्ष लाभ
एमसीएल ने कटक के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों से 46.51 करोड़ के एमओयू किए
संबलपुर (निप्र) : ओडिशा में सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड ने कटक स्थित प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों के साथ कुल 46.51 करोड़ रुपये के दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें प्राथमिक रूप से एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाओं को सशक्त करना शामिल है।
एमसीएल अपनी सीएसआर पहल के तहत 46.34 करोड़ रुपये की सहायता से एससीबी एमसीएच में दो 128-स्लाइस ड्यूल एनर्जी सीटी स्कैन मशीन और एक 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीन की खरीद व स्थापना करेगी। प्रतिदिन औसतन 8,000-10,000 मरीजों की ओपीडी वाले इस अस्पताल में उन्नत इमेजिंग सुविधाएं उपलब्ध होने से रोग-निदान की सटीकता बढ़ेगी, जांच के लिए प्रतीक्षा समय घटेगा और ओडिशा व पड़ोसी राज्यों के लगभग 25-30 लाख मरीजों को प्रतिवर्ष लाभ मिलने की उक्वमीद है।
एक अन्य पहल के तहत एमसीएल ने सरदार वल्लभभाई पटेल स्नातकोत्तर बाल चिकित्सा संस्थान (लोकप्रिय रूप से शिशु भवन) के साथ भी एमओयू किया है। इसके अंतर्गत अस्पताल परिसर में मरीजों, विशेषकर बच्चों और उनके परिजनों के लिए सुरक्षित व पर्यावरण-अनुकूल आवागमन सुनिश्चित करने हेतु तीन 8-सीटर बैटरी चालित यात्री वाहनों की खरीद के लिए 16.99 लाख रुपये की सीएसआर सहायता दी जाएगी। इन पहलों के जरिए एमसीएल अपने व्यावसायिक दायित्वों से आगे बढ़कर ओडिशा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, जीवनरक्षक अवसंरचना को समर्थन देने और सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ कर रहा है।