तालचेर, (निप्र) : जेसीआई तालचेर (जूनियर चैंबर इंटरनेशनल) के तत्वावधान में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 73 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। तालचेर ब्लड बैंक में अचानक रक्त की कमी को देखते हुए इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्थानीय हाटतोटा स्थित सभा गृह में जेसीआई तालचेर के अध्यक्ष अरुण मोदी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्घाटन तालचेर अनुमंडल चिकित्सा अधिकारी डा गंगाधर बेहरा ने किया।
इस अवसर पर जेसीआई के पूर्व जोन अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार डा रश्मिरंजन मिश्र, पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता, आकाश मोदी, चुनिता साहू, जितेंद्र अग्रवाल, लिपिका मिश्र, पल्लवी अग्रवाल एवं बापून साहू सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर की विशेषता यह रही कि रक्तदान करने वाले सभी दाताओं का ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर परीक्षण नि:शुल्क किया गया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक सोभेन मिश्र एवं जॉली दल बेहरा के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में किया गया, जबकि तालचेर ब्लड बैंक के कर्मचारियों ने रक्त संग्रह की जिम्मेदारी निभाई।