महिलाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : मुख्यमंत्री
3.36 लाख किशोरियों को लगेगा मुफ्त टीका, 28 नई एंबुलेंस का लोकार्पण
भुवनेश्वर, (निप्र) : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण के उन्मूलन के लिए टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इसी क्रम में भुवनेश्वर के कृषि भवन में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सामान्य अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत ओडिशा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 3.36 लाख बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए तीन महीने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले चरण में टीका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उपखंड अस्पताल और जिला मुख्य अस्पतालों में दिया जाएगा। दूसरे महीने से इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक विस्तारित किया जाएगा। यह टीका पूरी तरह नि:शुल्क होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में रोग-निवारण और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एचपीवी टीका बेटियों के स्वास्थ्य और भविष्य की सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि 2026-27 के बजट में 'मुख्यमंत्री कैंसर उपचार कार्यक्रमÓ की घोषणा की गई है। इसके तहत व्यापक जन-जागरुकता, गांव-गांव में स्क्रीनिंग और मोबाइल कैंपों के माध्यम से प्रारंभिक जांच की व्यवस्था की जाएगी। आयुष्मान भारत योजना और गोपबंधु जन आरोग्य योजना के अंतर्गत ओडिशा के लिए 121 कैंसर उपचार पैकेज भी शामिल किए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 28 नई '108 एंबुलेंस का लोकार्पण किया। इससे पहले दो चरणों में 400 एंबुलेंस शुरू की जा चुकी थीं। अब कुल 428 नई एंबुलेंस आपातकालीन सेवाओं में शामिल हो गई हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने 111 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा मुकेश महालिंग ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री के 'सशक्तनारी, स्वस्थ भारत लक्ष्य को गति देगा। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए इस टीके का बाजार मूल्य लगभग 4,000 रुपये है, लेकिन इसे बालिकाओं को नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में एकाम्र-भुवनेश्वर विधायक बाबू सिंह, स्वास्थ्य विभाग की आयुक्त-सह-सचिव अश्वती एस तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक वृंदा डी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।