जनवरी महीने से अब तक कंधमाल जिले में कुल 26,790 किलो गांजा किया जा चुका है जब्त
: विभिन्न थानों में 44 मामले दर्ज और 74 लोग गिरफ्तार
कंधमाल, (निप्र) : एक बड़ी कार्रवाई में कंधमाल पुलिस ने शनिवार को जिले के जंगलों में छिपाकर रखे गए हजारों क्विंटल गांजा को जब्त किया। ऑपरेशन नील जहर के तहत की गई इस छापेमारी में दो दिनों के भीतर करीब 30 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया। यह कार्रवाई जिले के कई थाना क्षेत्रों में की गई। इस अभियान के दौरान पांच थाना क्षेत्रों से कुल करीब 2,150 क्विंटल गांजा जब्त किया गया। इनमें फूलबनी सदर थाना क्षेत्र से 10,000 किलो, गोछापड़ा से 4,500 किलो, बालिगुड़ा और फिरिंगिया से 2,500-2,500 किलो तथा के. नुआगांव से 2,000 किलो गांजा जब्त किया गया। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि जंगलों में गांजा छिपाने के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
जनवरी महीने से अब तक कंधमाल जिले में कुल 26,790 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है। इस सिलसिले में विभिन्न थानों में 44 मामले दर्ज किए गए हैं और 74 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 11 महिलाएं शामिल हैं, जबकि नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए गए 25 वाहनों को जब्त किया गया है। बालीगुड़ा के एसडीपीओ सुभम भोसले ने बताया कि पिछले दो दिनों से विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर कंधमाल के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई।
इस दौरान करीब 21,000 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें। ऑपरेशन नील जहर कंधमाल पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि बनकर उभरा है और यह जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस के संकल्प को दर्शाता है।