भुवनेश्वर, (निप्र) : नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कॉरपोरेट क्षेत्र के वरिष्ठ नेता संतृप्त मिश्र और प्रख्यात चिकित्सक डॉ दत्तेश्वर होता को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। इस निर्णय को मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में पेशेवर दक्षता और संस्थागत अनुभव को प्राथमिकता देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
संतृप्त मिश्र वैश्विक कारोबारी जगत के अनुभवी नेता रहे हैं, जिन्होंने लगभग चार दशकों के उल्लेखनीय कॉरपोरेट करियर के बाद हाल ही में सार्वजनिक जीवन में कदम रखा है। वे आदित्य बिरला ग्रुप में मानव संसाधन के समूह निदेशक रहे हैं तथा बिरला कार्बन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और समूह की रसायन इकाई के निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय और यू एस्टोन बिजनेस स्कूल से क्रमश: लोक प्रशासन और औद्योगिक संबंध विषय में दोहरी पीएचडी उपाधि प्राप्त की है।
वर्ष 2024 की शुरुआत में बीजद से जुडऩे के बाद उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया था। उन्होंने 2024 के आम चुनाव में कटक लोकसभा सीट से बीजद प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था। इसके अतिरिक्त वे नीट राउरकेला के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष तथा ओएनजीसी के निदेशक मंडल के सदस्य के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
डॉ दत्तेश्वर होता ओडिशा के प्रतिष्ठित चिकित्सक और शिक्षाविद् के रूप में जाने जाते हैं।
वे विशेष रूप से मूत्ररोग (यूरोलॉजी) के क्षेत्र में अपने दीर्घ अनुभव और योगदान के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने ओडिशा सरकार में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशक (डीएमईटी) के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने राज्य की चिकित्सा पाठ्यक्रम व्यवस्था और संस्थागत विकास की देखरेख की। वे कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधिष्ठाता एवं प्राचार्य भी रह चुके हैं, जो पूर्वी भारत के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में से एक है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन दोनों नामों का चयन बीजद की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें उच्च प्रशासनिक और पेशेवर पृष्ठभूमि वाले व्यञ्चितयों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया जा रहा है। एक ओर शीर्ष कॉरपोरेट रणनीतिकार और दूसरी ओर अनुभवी चिकित्सा प्रशासक को राज्यसभा भेजकर पार्टी औद्योगिक नीति, मानव संसाधन विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा सुधार जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी आवाज को और सशञ्चत बनाना चाहती है।
नवीन ने की सहयोग की अपील
बीजद उम्मीदवारों के नाम घोषित करते हुए बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक ने सभी राजनीतिक दलों से डॉ होता का समर्थन करने और उन्हें राज्यसभा भेजने की अपील की। उन्होंने सकारात्मक परिणाम की उम्मीद भी जताई। नवीन ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए हमारी पार्टी ने दो उम्मीदवार देने का निर्णय लिया है। तीसरी सीट के लिए पहले उम्मीदवार डॉ संतृप्त मिश्र होंगे, जो हमारी पार्टी के वरिष्ठ सदस्य हैं। चौथी सीट के लिए सर्वसम्मत उम्मीदवार डॉ दत्तेश्वर होता होंगे, जो ओडिशा के प्रख्यात चिकित्सक हैं। जब उम्मीदवारों की जीत को लेकर उनके भरोसे के बारे में पूछा गया तो नवीन ने मुस्कुराते हुए कहा कि वे हमेशा आशावान रहते हैं।
वहीं संतृप्त मिश्र ने नामांकन के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, मैं राज्यसभा चुनाव के लिए बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक द्वारा दिए गए नामांकन को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं। इस जिम्मेदारी के लिए मुझ पर विश्वास जताने के लिए मैं पार्टी और अपने नेता का धन्यवाद करता हूं। वहीं, डॉ होता ने कहा कि वे अपने नामांकन के संबंध में बाद में मीडिया से बातचीत करेंगे।उल्लेखनीय है कि ओडिशा की चार राज्यसभा सीटों के लिए पांच मार्च तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को होगी, जबकि 9 मार्च नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। मतदान 16 मार्च को होगा।