भुवनेश्वर, (निप्र) : ओडिशा सरकार ने सुभद्रा योजना के तहत आवेदन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया बुधवार यानी 1 अप्रैल 2026 से शुरू कर दी है। सरकारी स्वीकृति के बाद ‘सुभद्रा पोर्टल’ के माध्यम से नए आवेदन 1 से 30 अप्रैल 2026 तक एक महीने की अवधि के लिए स्वीकार किए जाएंगे। इस योजना के लिए 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। जिन महिलाओं ने पहले ही इस योजना के तहत पंजीकरण कर लाभ प्राप्त कर लिया है, वे दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगी।
हालांकि, जो महिलाएं पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं, वे इस बार आवेदन के लिए पात्र हैं। आवेदक का ओडिशा का निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से की जा सकती है। ऑफलाइन आवेदन के लिए इच्छुक महिलाएं कॉमन सर्विस सेंटर, आम सेवा केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र और सीडीपीओ कार्यालय में जाकर आवेदन कर सकती हैं। वहीं, ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक सुभद्रा पोर्टल या नजदीकी सीएससी/एएसके केंद्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।