भुवनेश्वर, (निप्र) : सकल जैन समाज, भुवनेश्वर की ओर से मंगलवार को भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे ओल्ड स्टेशन बाजार से तेरापंथ भवन तक निकाली गई भव्य प्रभात फेरी से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद सामूहिक नाश्ते का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह का शुभारंभ तेरापंथ महिला मंडल की सदस्याओं द्वारा मंगलाचरण से किया गया। ज्ञानशाला के बच्चों ने नमस्कार महामंत्र पर नृत्य सहित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
भगवान महावीर के जन्म एवं जीवन चरित्र पर आधारित कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। महासती सुलसा के जीवन पर आधारित लघु नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। तेरापंथ सभा के अध्यक्ष रंजीत बैद ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर साधुमार्गी जैन संघ के मंत्री नवरत्न बोथरा, तेरापंथ सभा मंत्री विरेंद्र बेताला, महासभा के पूर्व अध्यक्ष मनसुखलाल सेठिया सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष सुशीला सेठिया और तेरापंथ युवक परिषद के मंत्री सौरव बेताला ने भी समाज में सक्रिय सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रकाश भूरा, धारिणी सुराणा, पारस सुराणा, कमल सेठिया और सपना बैद ने सुमधुर गीत प्रस्तुत किए। वहीं, पूर्व अध्यक्ष शशि सेठिया ने काव्य पाठ कर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। इस अवसर पर आईपीएस अधिकारी अरुण बोथरा की विशेष उपस्थिति रही। महेश्वरी समाज और अग्रवाल समाज के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
ज्ञानशाला के लगभग 45 बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन साक्षी बेताला ने किया, जबकि नाट्य मंचन का संयोजन संतोष सेठिया ने संभाला। अंत में सभा मंत्री विरेंद्र बेताला ने सभी का आभार व्यञ्चत किया और ज्ञानशाला के बच्चों को प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही तेरापंथ युवक परिषद, भुवनेश्वर द्वारा नेत्रदान जागरुकता अभियान के तहत जनजागरुकता कार्यक्रम चलाया गया। परिषद अध्यक्ष जितेंद्र बैद, मंत्री सौरव बेताला, संयोजक परमीत जैन सहित युवाओं ने लोगों से इस पुनीत अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।